Next Story
Newszop

सिउड़ी में तृणमूल के दो गुटों में भिड़ंत, ब्लॉक अध्यक्ष को कार्यालय में घुसने से रोका, हथियार के साथ कार्यकर्ता गिरफ्तार

Send Push

कोलकाता, 26 अप्रैल (हि.स.) । बीरभूम जिले के सिउड़ी के पुरंदरपुर इलाके में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच गुटीय संघर्ष ने उग्र रूप ले लिया। इस दौरान पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष नुरुल इस्लाम को कार्यालय में प्रवेश करने से रोक दिया गया। हालात इतने बिगड़ गए कि नुरुल इस्लाम पर ईंटें फेंकने तक की नौबत आ गई। पुलिस ने मौके से एक पार्टी कार्यकर्ता को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

सूत्रों के अनुसार, नुरुल इस्लाम के खिलाफ पार्टी के स्थानीय स्तर पर लंबे समय से नाराजगी थी। बताया गया कि पिछले तीन महीने से उन्हें बायकॉट किया जा रहा था। पार्टी कार्यालय से उनकी कुर्सी हटाकर ताला जड़ दिया गया था। इसी बीच गुरुवार रात नुरुल इस्लाम के फार्महाउस से करीब 35 बकरियों की चोरी हो गई। इस मामले में नुरुल इस्लाम ने इलाके के पूर्व अंचल अध्यक्ष बकुल उर्फ एहसानुल हक पर आरोप लगाया, जिसे विरोधी गुट ने खारिज कर दिया।

शनिवार को नुरुल इस्लाम अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे तो विरोधी गुट के कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि उस समय उन पर ईंटें फेंकी गईं और प्रदर्शनकारियों ने अपने चेहरों को कपड़े से ढक रखा था। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुरंदरपुर बाजार बंद हो गया।

स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए सिउड़ी के आईसी संचयन बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने वहां से एक व्यक्ति को आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया और कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया। हालात शांत होने के बाद नुरुल इस्लाम अपने समर्थकों के साथ लौट गए।

नुरुल इस्लाम ने कहा, कर्मियों ने बार-बार कार्यालय आने का अनुरोध किया था, इसलिए मैं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि बॉलपुर के जिला नेताओं के इशारे पर उनके खिलाफ साजिश की जा रही है।

इस बीच, नुरुल विरोधी गुट के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी मंडल ने कहा, लोग सब देख रहे हैं। नुरुल बाहरी गुंडों को साथ लाकर पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

The post appeared first on .

Loving Newspoint? Download the app now